अमृतसर/यूटर्न/16 जून। अमृतसर में आज जमीनी विवाद को लेकर 2 पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला देहाती पुलिस के थाना झंडेर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव सल्लोदीन (खतराई कलां) का है। जानकारी के अनुसार गांव सल्लोदीन में जमीन को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते एक-दूसरे पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस गोलीबारी में जरनैल सिंह नामक व्यक्ति को गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घायल को अमृतसर के निजी अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
वहीं, दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना झंडेर की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की विभिन्न पहलुओं से पड़ताल की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था।
----