अजीत झा.
चंडीगढ़ 17 Jan । बुड़ैल जेल में बंद कैदियों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। जेल के फैक्ट्री एरिया में तीन गैंगस्टरों ने आपस में लड़ाई की और लोहे के एंगल से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस हमले में कैलाश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे सेक्टर-32 के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जेल वार्डन तरुण ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 11.30 बजे तीन कैदी अचानक फैक्ट्री एरिया की ओर दौड़ पड़े और वहां रखी लोहे की एंगल उठाकर एक-दूसरे पर हमला करने लगे। वार्डन और अन्य कर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कैदियों ने धक्का-मुक्की की और नियंत्रण पाना मुश्किल हो गया। पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद तीनों को काबू किया।
घायल और आरोपी कैदियों का प्रोफाइल
• कैलाश चौहान – मूल रूप से फरीदाबाद निवासी, गैंगस्टर भूप्पी राणा की हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार।
• अमृतपाल सिंह उर्फ गुज्जर – सेक्टर-5 में कारोबारी कुलदीप सिंह मक्कड़ के घर फायरिंग के आरोप में बंद।
• मंजीत उर्फ मोटा राहुल – बुड़ैल के सोनू शाह हत्याकांड में शामिल होने का आरोप।
सेक्टर-49 थाना पुलिस ने तीनों कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेल प्रशासन ने भी सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
जेल अधिकारियों ने कहा कि झड़प में घायल कैलाश चौहान की स्थिति स्थिर है और उसे आवश्यक चिकित्सा प्रदान की जा रही है। मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।