पटियाला/यूटर्न/12 जून। हरियाणा के सीएम नायब सैनी पटियाला के राजपुरा में सैनी समाज के सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आप सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रशासन के जरिए उनका कार्यक्रम रोकने की कोशिश की। पिछले दो दिनों से उनके कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने कहा कि साथियों में परिवार के बीच आया हूं। मुझे यह बात अच्छी नहीं लगी। मैंने मान साहब को कहा था कि यह काम न किया करो। एक दिन मैं सरदार शहीद ऊधम सिंह को पुष्प अर्पित करने सुनाम जाना था। जब मैं सुनाम गया तो वहां के एसएसपी का फोन मेरे स्टाफ को आया। मेरे को कहने लगे कि आप वहां पर न आएं। वहां पर कुछ नहीं है। मैंने कहा कि कोई बात नहीं। मैंने तो शहीद ऊधम सिंह के स्थान पर जाना है। मैंने कोई और काम नहीं करना है। सीएम सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में आई थी, लेकिन आज पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। उद्योगपति उनसे मिलते हैं और कहते हैं कि वे हरियाणा में उद्योग लगाना चाहते हैं।
हरियाणा की योजनाएं करेंगे लागू
सीएम सैनी ने कहा कि अकेले राजपुरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 75 करोड़ रुपये की योजनाओं की शुरुआत की है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार बुजुर्गों को 1500 रुपए की पेंशन भी नहीं दे पा रही है, जबकि हरियाणा में अविवाहित लोगों को भी पेंशन दी जा रही है। सैनी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार की जो योजनाएं चल रही हैं, उन्हें पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर लागू किया जाएगा।
----