अमृतसर/यूटर्न/12 जून। पंजाब सरकार के युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान के तहत अमृतसर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में, अमृतसर नगर निगम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से गेट हकीमा क्षेत्र की फकीर सिंह कॉलोनी, अन्नगढ़ में एक कथित नशा तस्कर की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को ध्वस्त कर दिया। यह नगर निगम द्वारा की गई 25वीं डिमोलिशन कार्रवाई है। ध्वस्त की गई संपत्ति सुखदेव सिंह उर्फ आकाश पुत्र दिलबाग सिंह की बताई जा रही है, जो फकीर सिंह कॉलोनी, अन्नगढ़ का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2020 से 2026 के बीच एनडीपीएस एक्ट के तहत छह मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, उसके विरुद्ध तीन बार निवारक कार्रवाई भी की जा चुकी है। आरोपी 8 अप्रैल 2026 को ही जेल से रिहा हुआ था। मौके पर मौजूद पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया को बताया कि पंजाब सरकार की 'युद्ध नशों विरुद्ध' मुहिम के तहत अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कई महत्वपूर्ण सफलताएं प्राप्त की हैं। उन्होंने जानकारी दी कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजी जा रही नशीले पदार्थों की कई बड़ी खेपें बरामद की गई हैं और इस अवैध कारोबार से जुड़े कई तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
----