लुधियाना/यूटर्न/9 जून। पक्खोवाल रोड पर केजी गेस्ट हाउस में पुलिस ने रेड कर सात लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। वहीं गेस्ट हाउस मालिक को भी गिरफ्तार किया है। इस संबंध में थाना सदर पुलिस ने विनय कुमार, अमित चावला, गुरदीप सिंह, पंकज, गुरपाल सिंह, चरणजीत सिंह, नवीन कुमार और भारत भूषण के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 8 जून 2026 को क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस पार्टी को एक खास मुखबिर से सूचना मिली कि केजी गेस्ट हाउस में कुछ लोग ताश के पत्तों पर पैसे लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गेस्ट हाउस पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान पुलिस ने विनय कुमार, अमित चावला, गुरदीप सिंह, पंकज, गुरपाल सिंह और भारत भूषण को जुआ खेलते हुए काबू कर लिया। मौके से पुलिस ने जुए में इस्तेमाल हो रहे ताश के पत्ते तथा 1 लाख रुपये की नकदी बरामद की। पुलिस ने इस दौरान होटल मालिक नवीन को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि गेस्ट हाउस में लंबे समय से जुआ चल रहा था या नहीं तथा इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।