Uturn Time
Breaking
Ludhiana: नगर निगम कर्मचारियों का पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन Amritsar: अमृतसर में रेलवे ट्रैक के पास फिर मिला संदिग्ध कैमरा, सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप Jalandhar: PM मोदी के स्वागत की तैयारी तेज, केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने लिया इंतजामों का जायजा Amritsar: बब्बर खालसा इंटरनेशनल नेटवर्क पर शिकंजा,हथियारों और विस्फोटकों की खेप बरामद, सीआई ने तीन तस्करों को दबोचा New Delhi: भारत ने पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का किया सफल परीक्षण, 60 किमी दूर लक्ष्य पर साधा सटीक निशाना Dehradun: उत्तराखंड बना देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य, 98.7% साक्षरता दर का बनाया रिकॉर्ड Jalandhar: PM मोदी के कार्यक्रम से पहले जालंधर कैंट स्टेशन की तैयारियों का निरीक्षण, रवनीत बिट्टू ने परखी व्यवस्थाएं रेलवे क्वार्टर से मिली टेक्नीशियन की लाश, बदबू आने पर पता चला इनीशिएटर्स ऑफ चेंज के नेतृत्व में सतलुज फिल्म की बहाली को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन सेंसेक्स 1,677 अंक गिरा, गिरावट के तीन मुख्य कारण निकलकर आए सामने जगतार सिंह को मिला प्रमोशन, जॉइंट सीपी ने इंस्पेक्टर पद पर किया पदोन्नत लुधियाना में राजस्व पटवार यूनियन की बैठक, जालंधर में प्रदर्शन में शामिल होने का ऐलान
Logo
Uturn Time
ग्रेट निकोबार को लेकर केंद्र सरकार को लिखा पत्र
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव (संचार) एवं पूर्व केंद्रीय पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने ग्रेट निकोबार द्वीप परियोजना को लेकर केंद्र सरकार पर पर्यावरणीय नियमों और प्रक्रियाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव को पत्र लिखकर परियोजना के पर्यावरणीय प्रभाव आकलन (ईआईए), मंजूरी प्रक्रिया और मूल्यांकन की पारदर्शिता पर सवाल उठाए हैं। जयराम रमेश ने कहा कि मार्च 2022 की ईआईए रिपोर्ट में स्वयं यह स्वीकार किया गया था कि अध्ययन केवल प्रारंभिक और त्वरित आकलन पर आधारित था। उनका आरोप है कि परियोजना जैसे संवेदनशील क्षेत्र के लिए व्यापक और बहु-मौसमी पर्यावरणीय अध्ययन नहीं किए गए, जबकि ऐसे बड़े विकास कार्यों के लिए विस्तृत प्राथमिक आंकड़ों का संग्रह आवश्यक होता है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने अप्रैल 2023 के अपने आदेश में पर्यावरणीय मंजूरी से जुड़े कुछ अनुत्तरित प्रश्नों और कमियों की ओर संकेत किया था। रमेश ने तटीय कटाव, जैव विविधता और पर्यावरणीय प्रभावों के विस्तृत अध्ययन की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि परियोजना के अध्ययन और समीक्षा से जुड़े संस्थान एक ही प्रशासनिक ढांचे के अंतर्गत आते हैं, जिससे निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि द्वीपीय क्षेत्रों में प्रस्तावित बंदरगाह परियोजनाओं के लिए विभिन्न मौसमों में विस्तृत अध्ययन किया जाना चाहिए था। वहीं, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव पहले ही इन आरोपों को खारिज कर चुके हैं। उनका कहना है कि ग्रेट निकोबार परियोजना का मूल्यांकन पर्यावरण प्रभाव आकलन अधिसूचना-2006, द्वीप तटीय विनियमन क्षेत्र अधिसूचना-2019 तथा अन्य लागू प्रावधानों के अनुरूप व्यापक और बहुस्तरीय तरीके से किया गया है। उन्होंने कहा कि परियोजना से जुड़े पर्यावरणीय और जैव विविधता संबंधी पहलुओं की वैधानिक और न्यायिक स्तर पर समीक्षा की जा चुकी है। उल्लेखनीय है कि ग्रेट निकोबार द्वीप में लगभग 166 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में प्रस्तावित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत ट्रांसशिपमेंट कंटेनर बंदरगाह, अंतरराष्ट्रीय स्तर का द्वैध उपयोग हवाई अड्डा, ऊर्जा अवसंरचना और एक हरित तटीय शहर विकसित किया जाना प्रस्तावित है। परियोजना के कारण लगभग 13 हजार हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित होने का अनुमान है।