जालंधर/यूटर्न/22 मई। मोहाली में दिनदहाड़े बच्ची की किडनैपिंग पर पोस्ट करने के बाद राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह दूसरे दिन भी ट्रोलर के निशाने पर रहे। भज्जी ने शुक्रवार को अपने एक्स हैंडल से ट्रोलर्स को जवाब दिया। भज्जी ने कहा कि समय आने पर आपकी हर बात का जवाब दिया जाएगा। मैंने आपके किसी लीडर को गाली नहीं दी। मुझे गद्दार कहने वालो पहले अपने लोगों से पूछो कि पंजाब की राज्यसभा सीट कितने में बेची थी। उन्होंने आगे लिखा अगर ना बताएं तो मैं आपको बताऊंगा कि किसको कितना चढ़ावा गया था और किसकी तरफ से गया था। कैसे किसको मंत्री और संतरी बनाया गया। पंजाब को लूटने के लिए और लाला को माल पहुंचाने के लिए किसने क्या किया। पंजाब को लूट खा गए आप सब। बता दें कि मोहली के कुराली से दादा-दादी के सामने 20 मई को कुछ लोग बच्ची को किडनैप कर ले गए थे। इस वीडियो को भज्जी ने टैग कर डीजीपी गौरव यादव को इस मामले को देखने की बात कही। जिसके बाद सोशल मीडिया एक्स पर यूजर्स ने उनके पार्टी छोड़ने पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
आपने आप द्वारा दी सीट से इस्तीफा क्यों नहीं दिया
देवेंद्र यादव उर्फ देव ने लिखा कि कि डियर गद्दार हरभजन सिंह जिस लीडर को आप दिन-रात भला बुरा बोलते हो उसकी दी गई राज्यसभा सीट से इस्तीफा क्यों नहीं दिया ? पंजाब के 800+ किसान भाइयों की मौत की जिम्मेदार भाजपा में जाना आपकी कौनसी मजबूरी थी? अपने जमीर की कीमत कितनी लगाई आपने? सुना है 25-25 करोड़ में बोली लगाई है भाजपा ने गद्दारों की, सच है क्या?