Mohali 17 May : ईडी ने पंजाब में एक और आईएएस अधिकारी को समन जारी किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) के मुख्य प्रशासक आईएएस संदीप कुमार को पूछताछ के लिए तलब किया है।
सूत्रों के मुताबिक यह समन हाल ही में मोहाली, खरड़ और चंडीगढ़ में बड़े रियल एस्टेट समूहों—सुनटेक इंडियन कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी और अल्टस स्पेस बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड सहित अन्य पर हुई छापेमारी के बाद जारी किया गया है।
ईडी ने 8 और 9 मई को मोहाली, न्यू चंडीगढ़ और चंडीगढ़ में 12 ठिकानों पर छापेमारी कर मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले की जांच तेज की थी। जांच एजेंसी अब जीएमएडीए के इको सिटी-3 प्रोजेक्ट और न्यू चंडीगढ़ के अन्य प्रस्तावित शहरी क्षेत्रों में जमीन आवंटन की प्रक्रिया की गहन जांच कर रही है।
समन में मुख्य प्रशासक को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर बयान दर्ज कराने और रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। ईडी ने चेतावनी दी है कि अनुपालन न करने पर पीएमएलए 2002 और भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
जांच के तहत ईडी की टीम ने राजस्व रिकॉर्ड, जमाबंदी, म्यूटेशन और रजिस्ट्री दस्तावेजों की भी पड़ताल की है। मामला अब लगातार गहराता जा रहा है।