छीने गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर भेजा जेल
पंचकूला(अजीत झा.): पंचकूला पुलिस की कालका थाना टीम द्वारा राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनकर फरार होने वाले तीन आरोपियों को वारदात के मात्र 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीने गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 8 मई को कालका वासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसी शाम करीब 6 बजे वह अपने दोस्त के साथ मंडी में सामान लेने गया था। इसी दौरान तीन युवक उनके पास आए और छीना-झपटी करने लगे। आरोपियों ने दोनों से मोबाइल छीन लिए और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कालका में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच मुख्य सिपाही वासुदेव द्वारा अमल में लाई गई।
9 मई को गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनसा राम की अगुवाई में टीम ने कार्रवाई करते हुए रेलवे ग्राउंड कालका से तीन आरोपियों को काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महरु पुत्र ओमप्रकाश निवासी गुजराती कॉलोनी, अंबाला कैंट हाल किरायेदार खेड़ा कुराड़ी मोहल्ला कालका, मेहरु उर्फ सागर पुत्र रामू निवासी कुराड़ी मोहल्ला कालका तथा राहुल कुमार पुत्र रणजीत निवासी कुराड़ी मोहल्ला फैंड्स कॉलोनी जिला पंचकुला के रूप में हुई है।
एसीपी विक्रम नेहरा: हमारी कालका थाना टीम द्वारा इस मामलें में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के अंदर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीने गए 2 मोबाइल फोन भी बरामद किए। दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत भेज दिया गया है। जिलें में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नही जाएगा और ऐसे अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।