बदहाल सड़क से परेशान लोगों को राहत, हरजीत सिंह मिंटा ने उठाया जिम्मा
जीरकपुर: वार्ड नंबर-14 स्थित कृष्णा एंक्लेव में लंबे समय से बदहाल पड़ी सड़क को लेकर नगर परिषद की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने पर भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद हरजीत सिंह मिंटा ने अपने निजी खर्च पर सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाया। सड़क निर्माण शुरू होते ही कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली और पूर्व पार्षद के इस कदम की सराहना की।
स्थानीय लोगों के अनुसार कॉलोनी की सड़क लंबे समय से टूटी और जर्जर हालत में पड़ी हुई थी। सड़क पर बने गड्ढों और उखड़े हिस्सों के कारण वाहन चालकों, राहगीरों और स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दौरान सड़क पर जलभराव होने से हालात और भी खराब हो जाते थे। कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल भी हो चुके थे।
कॉलोनीवासियों ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार नगर परिषद और संबंधित अधिकारियों से मांग की गई, लेकिन लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पूर्व पार्षद हरजीत सिंह मिंटा ने लोगों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अपने स्तर पर सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने का निर्णय लिया।
सड़क निर्माण शुरू होने के बाद क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताते हुए कहा कि लंबे समय बाद उनकी समस्या का समाधान होता दिखाई दे रहा है। लोगों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं के प्रति इसी तरह संवेदनशील होना चाहिए।
पूर्व पार्षद हरजीत सिंह मिंटा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है और भविष्य में भी क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।