"सोहना हाईवे की बदहाली उजागर, सड़क धंसने से जाम"
गुरुग्राम: गुरुग्राम में करीब दो हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार गुरुग्राम सोहना राजमार्ग पर एक बार फिर से सड़क धंस गई। इस मार्ग को एनसीआर की सबसे महत्वपूर्ण और व्यस्त सड़कों में गिना जाता है। वर्ष 2023 के बाद से इस कॉरिडोर पर सड़क धंसने की यह घटना पहली नहीं है। इसके निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और भूमिगत सीवर नेटवर्क की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सड़क का हिस्सा अचानक धंसने से यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। गुरुवार को पीक ऑवर्स में यह जाम लगा रहा। स्थानीय प्रशासन और निर्माण एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची तथा प्रभावित हिस्से को बैरिकेडिंग कर यातायात को डायवर्ट किया गया। शुरुआती जांच में सड़क के नीचे मौजूद पुराने और जर्जर सीवर ढांचे को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में इस मार्ग पर बार-बार सड़क धंसने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं निकाला गया। लोगों ने आरोप लगाया कि भारी निर्माण कार्य और लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बावजूद सीवर और ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने की दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। इससे भविष्य में बड़े हादसे होने की आशंका बनी हुई है।
उधर प्रशासन का कहना है कि प्रभावित हिस्से की तकनीकी जांच कराई जा रही है और संबंधित एजेंसियों को तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने दावा किया कि यातायात को सामान्य बनाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने गुरुग्राम के नागरिकों में चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की परियोजनाओं के बावजूद यदि सड़कें सुरक्षित नहीं हैं तो यह गंभीर लापरवाही का मामला है।