पंजाबी फिल्म “दमा दम मस्त कलंदर” का टीज़र मोहाली वॉक में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान आधिकारिक रूप से लॉन्च किया गया। इस मौके पर फिल्म की स्टार कास्ट ने मीडिया से बातचीत करते हुए अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में फिल्म से जुड़े कई प्रमुख सदस्यों की उपस्थिति रही, जिन्होंने इस प्रोजेक्ट को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्य कलाकार किंग बी चौहान, निर्माता विक्की कंबोज, निर्देशक सुखवीर सिंह, लेखक सुमित भट्ट, अभिनेत्री मालवी मल्होत्रा, वरिष्ठ अभिनेत्री अनीता देवगन, रूपिंदर रूपी, कॉमेडी कलाकार प्रीतिश नरूला और मिंटू कापा, तथा हेड प्रोजेक्ट डिजाइनर मनराज राय मौजूद रहे।
ऑस्ट्रेलिया के खूबसूरत लोकेशंस पर फिल्माई गई यह बहुप्रतीक्षित फिल्म सुखवीर सिंह के निर्देशन में बनी है और इसकी कहानी सुमित भट्ट ने लिखी है। फिल्म का निर्माण स्टार मून फिल्म प्रोडक्शंस और चकोरा प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है।
जेन-ज़ी स्टार किंग बी चौहान इस फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, उनके साथ अभिनेत्री मालवी मल्होत्रा भी अहम किरदार निभा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान दोनों कलाकारों ने फिल्म की कहानी, अपने किरदारों और शूटिंग के अनुभवों पर विस्तार से चर्चा की।
फिल्म के निर्माता विक्की कंबोज और प्रभ गोराया हैं। सिनेमैटोग्राफी सुरेश बाबू ने संभाली है, जबकि संगीत जे के ने दिया है। कोरियोग्राफी दियूष मेहरा और एडिटिंग वरिंदर सिंह सैनी द्वारा की गई है।
फुल एंटरटेनमेंट पैकेज पर आधारित इस फिल्म की शूटिंग तय समय में पूरी कर ली गई है और यह फिल्म 22 मई 2026 को विश्वभर में रिलीज होने के लिए तैयार है।
किंग बी चौहान, जिन्होंने अपने हिट गाने “अपडेट गबरू” से लोकप्रियता हासिल की, ने कहा कि यह फिल्म दर्शकों को एक नया और मनोरंजक अनुभव देगी। उन्होंने यह भी बताया कि उनका उद्देश्य पंजाबी संस्कृति को वैश्विक मंच पर बढ़ावा देना और मनोरंजन के माध्यम से पंजाब के सामाजिक मुद्दों को उजागर करना है।