उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से सेक्टर-40 स्थित कम्युनिटी सेंटर में मंगलवार को एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तराखंडी कीर्तन मंडलियों द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शाम 3 बजे से 5 बजे तक चले इस आयोजन में उत्तराखंड की गणमान्य महिलाओं के साथ स्थानीय क्षेत्र की महिलाओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पारंपरिक थड़िया गीत और चौफला की मनमोहक प्रस्तुतियां रहीं, जिन्होंने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान, लोक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों की जीवंत झलक पेश की। कार्यक्रम में लोक संस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी तक इसकी विरासत पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
गुरुबक्श रावत ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और मूल्यों से परिचित कराया जा सकता है।
उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में उत्तराखंडी बहनों और क्षेत्रवासियों के योगदान की सराहना की, जिन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।