सेक्टर-42 बी स्थित कम्युनिटी सेंटर में वार्ड नंबर 24 के निवासियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एरिया पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने की। इसमें सांसद मनीष तिवारी, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में वार्ड से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही इन समस्याओं के जल्द समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों तक मुद्दे उठाने का आश्वासन दिया गया।
बैठक के दौरान बूथ लेवल एजेंट्स और बूथ लेवल ऑफिसर्स के कार्यों की समीक्षा भी की गई। पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने बताया कि वार्ड के सभी बूथों पर बीएलओ नियुक्त किए जाएंगे, जो वोट बनवाने, कटवाने और सुधार से जुड़ी समस्याओं में लोगों की मदद करेंगे। इस पर सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि आगामी दो महीनों तक वोट से संबंधित विशेष अभियान चलाया जाएगा।
मीटिंग में सेक्टर-36 के निवासियों ने एमसीएम कॉलेज के सामने बढ़ती ट्रैफिक, जाम और झगड़ों की समस्या उठाई। इस पर सांसद ने आश्वासन दिया कि वे डीजीपी से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।
इसके अलावा, वार्ड में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई और लोगों से अपील की गई कि वे ऐसी बैठकों में अधिक संख्या में भाग लेकर क्षेत्र के विकास में सहयोग दें।