जीरकपुर 05 Jan :
ढकोली क्षेत्र में पड़ते काठगढ़ गांव के लोग इन दिनों भारी दहशत के साए में जीने को मजबूर हैं। गांव से गुजरने वाला बरसाती नाला लंबे समय से गंदगी, मलबे और अवैध निर्माण के कारण अवरुद्ध पड़ा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी सफाई नहीं करवाई गई तो आगामी मानसून में हालात फिर से बेकाबू हो सकते हैं और गांव में बड़ा नुकसान होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले बरसात के मौसम में नाला ओवरफ्लो हो गया था, जिससे कई घरों में पानी घुस गया। इस दौरान लोगों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा था। उस समय प्रशासन ने आनन-फानन में नाले की अस्थायी सफाई करवाई थी, लेकिन उसके बाद आज तक न तो नाले की नियमित सफाई करवाई गई और न ही स्थायी समाधान की दिशा में कोई कदम उठाया गया। इसी लापरवाही से परेशान होकर काठगढ़ गांव के निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि नाले के बहाव में कई जगह अवैध निर्माण हो चुके हैं, जिससे पानी की निकासी बाधित हो रही है। उन्होंने मांग की कि न केवल नाले की तुरंत सफाई करवाई जाए, बल्कि जो अवैध निर्माण नाले के प्राकृतिक बहाव में रुकावट बने हुए हैं, उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा कि अब उनकी सहनशीलता की सीमा समाप्त हो चुकी है और यदि प्रशासन ने समय रहते ध्यान नहीं दिया तो आने वाले दिनों में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है।
काठगढ़ के लोगों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर वे कई बार ज़ीरकपुर नगर कौंसिल में लिखित शिकायतें दे चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की इस उदासीनता के कारण लोगों में भारी रोष है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में वही डर, वही नुकसान और वही आश्वासन दोहराए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई समाधान नजर नहीं आता।
प्रदर्शन के दौरान हरजीत सिंह, भजन सिंह, कुलदीप सिंह, संजय, रवि, जगतार, निर्मल, मनदीप, देव सिंह, गुरमेलो, जरनैल कौर, महेंद्र कौर, मीतू देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में प्रशासन से मांग की कि बरसाती नाले की तत्काल सफाई करवाई जाए, ताकि मानसून के दौरान किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन समय रहते इस गंभीर समस्या पर कार्रवाई करेगा, या फिर किसी बड़े नुकसान के बाद ही उसकी नींद खुलेगी।
बॉक्स
स्थानीय निवासियों का आरोप
“वोटों के समय हर राजनीतिक पार्टी के नेता बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन बाद में कोई सुध लेने नहीं आता। हम कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को शिकायत दे चुके हैं, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर समय रहते नाला साफ नहीं किया गया तो पूरा इलाका डूब जाएगा।”