अजीत झा.
चंडीगढ़ । मनीमाजरा स्थित मौली पिंड में सामने आए कथित ज्वेलरी घोटाले ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। मुस्कान ज्वेलर्स पर 500 से अधिक लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। मामला सामने आने के बाद पीड़ितों में भारी आक्रोश है और वे लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई से सोना-चांदी और ज्वेलरी इस दुकान पर जमा करवाई थी, लेकिन समय आने पर उन्हें उनका सामान नहीं मिला। जैसे-जैसे शिकायतें सामने आईं, वैसे-वैसे पीड़ितों की संख्या बढ़ती गई और मामला बड़े घोटाले के रूप में उभरकर सामने आया।
पीड़ित सूर्या ठाकुर समेत अन्य शिकायतकर्ताओं ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शनिवार को मुस्कान ज्वेलर्स की दुकान पर ताला लगा दिया। दुकान पर पुलिस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचते रहे।
मौलीजागरां थाना प्रभारी जसकरण सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
उधर, पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने वर्षों की बचत और मेहनत से ज्वेलरी बनवाई थी। अब वे लगातार प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द उन्हें इंसाफ मिलेगा।
यह मामला अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजरें टिकाए हुए हैं।