आदिनाथ दिगंबर जैन चैत्यालय के प्रथम स्थापना दिवस पर धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
जीरकपुर 08 Apr : श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन चैत्यालय में प्रथम स्थापना दिवस एवं महावीर जयंती के उपलक्ष्य में भव्य पालकी यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्राईसिटी से आए 300 से अधिक धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह मंदिर में इंद्रों द्वारा भगवान का अभिषेक और नित्य नियम पूजन से हुई। इसके उपरांत “टीले का रहस्य” नामक भगवान महावीर पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से देखा।
शेखर जैन ने बताया कि कार्यक्रम का सफल संचालन अमोल जैन (एडवोकेट) ने किया। महावीर भगवान की फोटो का अनावरण राकेश जैन व प्रतिभा जैन परिवार द्वारा किया गया, जबकि दीप प्रज्वलन का सौभाग्य नियमित अभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ। इस मौके पर गंधोदक पात्र अरुण जैन एवं हिमांशु जैन (एडवोकेट) परिवार द्वारा भेंट किया गया।
कार्यक्रम में रेशु जैन ने मंगलाचरण प्रस्तुत किया। इसके बाद जैन संस्कार पाठशाला के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें नृत्य व अन्य प्रस्तुतियों को उपस्थित जनों ने खूब सराहा। कार्यक्रम का निर्देशन विपिन जैन द्वारा किया गया।
मंदिर परिसर में गेम जोन भी लगाया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं, वीआईपी रोड स्थित हिल एंड केयर अस्पताल की डॉक्टरों की टीम द्वारा मेडिकल कैंप आयोजित कर लोगों को निःशुल्क परामर्श और ब्लड प्रेशर व शुगर जैसी बेसिक जांच सुविधाएं प्रदान की गईं।
भव्य पालकी यात्रा ध्वजारोहण के साथ आरंभ हुई, जिसका सौभाग्य अरुण जैन एवं हिमांशु जैन (एडवोकेट) परिवार को मिला। यात्रा में अंबाला छावनी, पंचकूला, चंडीगढ़, मोहाली व जीरकपुर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पहली बार तीर्थंकर 1008 महावीर भगवान को पालकी में विराजमान कर बैंड-बाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई।
यात्रा के उपरांत भगवान को पांडुकशिला पर विराजमान कर अभिषेक किया गया, जिसका सौभाग्य विपिन जैन को प्राप्त हुआ। तत्पश्चात विधिपूर्वक भगवान को बेदी में विराजमान कर आरती की गई।
कार्यक्रम के अंत में सकल समाज के लिए वात्सल्य भोज का आयोजन अरुण कुमार जैन, हिमांशु जैन (एडवोकेट) परिवार एवं सचिन जैन परिवार के सहयोग से किया गया।