जगरांव/यूटर्न/3/अप्रैल। जगरांव के नजदीकी गांव कौंके कलां में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 28 वर्षीय युवक ने मानसिक तनाव के चलते अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, लवप्रीत सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। मृतक के भाई ने बताया कि 1 और 2 अप्रैल की दरम्यानी रात करीब 1 बजे जब उसकी आंख खुली तो लवप्रीत कमरे में नहीं था। काफी तलाश करने के बाद जब परिवार के सदस्य छत पर पहुंचे, तो वहां लवप्रीत का शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
चौकी कौंके कलां के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जगरांव भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता और भाई के बयानों के आधार पर मामला दर्ज करते हुए कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।