चंडीगढ़/यूटर्न/27 मार्च। शहर में इमिग्रेशन फ्रॉड का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना इंडस्ट्रियल एरिया (I/A) में एफआईआर नंबर 40 दर्ज की गई है। यह शिकायत पूरन सिंह निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) ने दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके एक परिचित को विदेश भेजने के नाम पर करीब 49 लाख रुपये की ठगी की गई।
इस मामले में विक्रम सिंह, हरसिमरन सिंह, बलजोत सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। ये सभी Raj Immigration Services से जुड़े बताए जा रहे हैं, जिनका दफ्तर Elante Mall में स्थित है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित को विदेश भेजने का भरोसा दिलाकर बड़ी रकम हासिल की, लेकिन बाद में न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही पैसे वापस किए गए।
आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 61(2)(B) और इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की भूमिका की गहन पड़ताल की जा रही है।