भूपिंदर सागर
मोहाली 15 March । सोहाना बस स्टैंड पर बस में चढ़ते समय भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात महिलाओं ने एक बुजुर्ग के हाथ से साढ़े चार तोले का सोने का कड़ा उतार लिया। घटना के बाद तीनों महिलाएं मौके से फरार हो गईं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कुराली निवासी 70 वर्षीय दर्शन सिंह ने बताया कि वह सीटीयू से सेवानिवृत्त हैं। 10 मार्च को वह किसी काम से मोहाली आए थे। काम खत्म करने के बाद दोपहर करीब एक बजे वह सोहाना बस स्टैंड से सीटीयू की लोकल बस में चढ़ने लगे।
दर्शन सिंह के अनुसार बस में चढ़ते समय दो महिलाएं उनके आगे खड़ी हो गईं, जबकि एक महिला उनके दाहिनी ओर खड़ी थी। इसी दौरान बस से सवारियां उतरने लगीं, जिससे वहां काफी भीड़ हो गई। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर दाहिनी तरफ खड़ी महिला ने उनके हाथ से सोने का कड़ा उतार लिया। उन्हें इस चोरी का पता घर पहुंचने पर चला।
पीड़ित ने अपने स्तर पर महिलाओं की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी और मौके की सीसीटीवी फुटेज भी पेन ड्राइव में सौंप दी। जांच अधिकारी एसआई तलविंदर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।