सालों पुरानी ट्रैफिक समस्या का मिल सकता है समाधान, बलटाना रेलवे फाटक पर अंडरपास की तैयारी तेज
अजीत झा.
जीरकपुर 18 Feb : बलटाना रेलवे फाटक पर लंबे समय से चल रही ट्रैफिक समस्या के समाधान की उम्मीद एक बार फिर मजबूत होती नजर आ रही है। राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू खुद मौके पर पहुंचे और फाटक की मौजूदा स्थिति का जायज़ा लिया।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी परेशानियों को सुना। उन्होंने कहा कि पिछले कई सालों से इस समस्या को नजरअंदाज किया जाता रहा है, लेकिन अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बलटाना रेलवे फाटक पर अंडरपास बनाने को लेकर केंद्र सरकार के साथ गंभीर बातचीत चल रही है और जल्द ही इस संबंध में ठोस फैसला लिया जा सकता है।
गौरतलब है कि बलटाना और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए यह रास्ता चंडीगढ़ आने-जाने का मुख्य मार्ग है। रोजाना इस रेलवे ट्रैक से 50 से ज्यादा ट्रेनें गुजरने के कारण फाटक लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे भारी ट्रैफिक जाम लग जाता है।
फाटक बंद होने के दौरान स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा लोग और इमरजेंसी सेवाएं भी लंबे समय तक जाम में फंसी रहती हैं। कई बार मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में भी देरी हो जाती है, जिससे लोगों में काफी नाराजगी रही है।
राज्यसभा सदस्य के दौरे के बाद अब इलाके के लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही अंडरपास का काम शुरू होगा और सालों पुरानी ट्रैफिक समस्या से राहत मिलेगी।