-चरणजीत सिंह चन्न-
जगरांव/यूटर्न/12/फरवरी। थाना सदर पुलिस ने सिधवां खुर्द क्षेत्र में एक दुकानदार से कथित मारपीट, तोड़फोड़ और नकदी ले जाने के मामले में तीन व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी देते हुए थाना सदर के प्रभारी एसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता भूपिंदर सिंह पुत्र मुन्ना लाल निवासी सिधवां खुर्द ने अपने बयान में कहा कि वह बस अड्डा सिधवां खुर्द के पास चौकीमान क्षेत्र में टायर पंचर लगाने का खोखा चलाता है। उसके अनुसार उक्त खोखा पहले लखवीर सिंह उर्फ बीरी के पास था, जिससे उसने इसे खरीद लिया था।
शिकायत के अनुसार 25 जनवरी शाम को वह अपने खोखे के बाहर काम कर रहा था, तभी लखवीर सिंह उर्फ बीरी, सुखविंदर सिंह उर्फ राजा और सेवक सिंह मौके पर आए और कथित रूप से उसकी कार की तोड़फोड़ करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान दुकान से पंचर व हवा भरने का सामान, एक मोबाइल फोन और लगभग 390 रुपये भी ले जाए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।