गांव कुंभड़ा निवासी करीब 39 वर्षीय पुनीत कौर ने बुधवार रात रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर रेलवे पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। प्राथमिक जांच में महिला के पारिवारिक परिस्थितियों के कारण तनाव में होने की बात सामने आई है।
मोहाली : गांव कुंभड़ा की रहने वाली करीब 39 वर्षीय महिला ने बुधवार रात रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान पुनीत कौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले काफी समय से पारिवारिक कारणों को लेकर परेशान चल रही थी।
जानकारी अनुसार पुनीत कौर मूल रूप से रोपड़ के नजदीक स्थित गांव खियासपुरा की रहने वाली थी। उसका विवाह गांव कुंभड़ा में हुआ था और वह अपने परिवार के साथ यहीं रह रही थी। बुधवार रात वह रेलवे ट्रैक पर पहुंची और कथित तौर पर ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की ओर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
जांच अधिकारी केवल सिंह ने बताया की प्राथमिक जानकारी के अनुसार महिला पिछले कुछ समय से पारिवारिक परिस्थितियों के चलते मानसिक तनाव में थी। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। रेलवे पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।