एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने खुफिया सूचना के आधार पर फिरोजपुर-फाजिल्का मार्ग पर विशेष ऑपरेशन चलाकर बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने हुंडई वर्ना कार की तलाशी लेकर 30.672 किलोग्राम हेरोइन बरामद की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में खेप के सीमा पार से आने का संदेह सामने आया है। पुलिस अब विदेशी हैंडलरों और पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
फिरोज़पुर (Naren Danu) : पंजाब में सीमा पार से संचालित नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 30.672 किलोग्राम हेरोइन और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही हुंडई वर्ना कार बरामद हुई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अनमोलप्रीत सिंह उर्फ अनमोल (24), आकाश सिंह उर्फ आकाश (22) और अंशप्रीत सिंह उर्फ अंश (25) के रूप में हुई है। तीनों फिरोज़पुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से हुंडई वर्ना कार पीबी-77-5973 भी बरामद की है।
खुफिया सूचना पर हाईवे पर घेरा
एडीजीपी एएनटीएफ नीलभ किशोर के अनुसार, हेरोइन की खेप को आगे पहुंचाए जाने की सूचना मिलने के बाद एसपी एएनटीएफ फिरोज़पुर रेंज गुरिंदरबीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने फिरोज़पुर-फाजिल्का रोड पर विशेष अभियान चलाया।
ऑपरेशन के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में 30.672 किलो हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
सीमा पार के हैंडलरों से जुड़े तार खंगाल रही पुलिस
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद नशीली खेप अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से भेजी गई थी। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े सीमा पार के हैंडलरों और उनके स्थानीय संपर्कों की पहचान करने में जुटी है।
एडीजीपी नीलभ किशोर ने कहा कि मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां एवं बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में एसएएस नगर स्थित एएनटीएफ थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि पंजाब पुलिस ने कुछ दिन पहले बीएसएफ के साथ संयुक्त अभियान में भी 30.200 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही बड़ी बरामदगियों के बीच सुरक्षा एजेंसियां सीमा पार से संचालित ड्रग नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुटी हैं।