लुधियाना/यूटर्न/11 अगस्त। लुधियाना के वार्ड नंबर 7 में सीवरेज समस्या से परेशान होकर कांग्रेसी महिला पार्षद और उनके पति द्वारा निगम अफसरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया गया है। जिसके चलते उनकी तरफ से निगम जोन-डी में धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पार्षद रविंदर कौर और उनके पति रविंदर मोनू खिंडा ने निगम कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इस दौरान रविंदर मोनू खिंडा ने निगम अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके वॉर्ड में पिछले काफी दिनों से सीवरेज जाम की गंभीर समस्या बनी हुई है। इलाके के लोग नरकीय जीवन जीने को मजबूर हैं, लेकिन नगर निगम के अफसर जानबूझकर इस समस्या का हल नहीं कर रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद किसी भी संबंधित अधिकारी ने उनकी बात नहीं सुनी और न ही वार्ड में कोई काम शुरू करवाया गया। इसी तानाशाही रवैये के विरोध में उन्हें मजबूरन अपने परिवार के साथ कमिश्नर दफ्तर के बाहर धरने पर बैठना पड़ा है। करीब दो घंटे बाद ज़ोनल कमिश्नर खुद मौके पर पहुंचे और उन्होंने रविंदर मोनू खिंडा और उनकी पत्नी को मनाने का काफी प्रयास किया। हालांकि, खिंडा अपनी मांगों पर अड़े रहे और धरना खत्म करने से साफ इनकार कर दिया।
जिला प्रधान भी समर्थन में पहुंचे
धरने की सूचना मिलते ही कांग्रेस के जिला प्रधान संजय तलवाड़ भी रविंदर मोनू खिंडा के समर्थन में मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी खिंडा के साथ धरने में शामिल होकर नगर निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली की कड़ी निंदा की। तलवाड़ ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही वार्ड नंबर 7 की सीवरेज समस्या का पक्का हल नहीं निकाला गया, तो आने वाले दिनों में यह संघर्ष और भी तेज किया जाएगा। जिसके बाद प्रदर्शन खत्म किया गया।
----