एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फेज-1 थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर चोरी के अन्य मामलों और पूरे नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिलने की संभावना है।
मोहाली : शहर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मोहाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। फेज-1 थाना पुलिस ने शूटिंग रेंज फेज-6 से चोरी हुए सामान के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 8 लैपटॉप, 2 प्रिंटर और 3 एलईडी बरामद की हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस के निर्देश और एसपी (सिटी) दिलप्रीत सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत डीएसपी सिटी-1 गुरचरण सिंह ने बताया कि जिला खेल अधिकारी उमेश्वरी शर्मा की शिकायत पर थाना फेज-1 में 30 जुलाई 2026 को बीएनएस की धारा 305 और 331(4) के तहत एफआईआर नंबर 158 दर्ज की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी युवराज सिंह निवासी गांव चहल, थाना भादसों, जिला पटियाला को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से शूटिंग रेंज फेज-6 से चोरी किए गए 8 लेनोवो (लिनोवो ) कंपनी के लैपटॉप, 2 ब्रदर कंपनी के प्रिंटर और 3 एलईडी बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड हासिल किया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान चोरी की अन्य वारदातों या अन्य आरोपियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।