खुफिया सूचना पर एसटीएफ और अमीनगांव पुलिस की कार्रवाई, वाहन के गुप्त हिस्सों से बरामद हुईं 50 हजार मेथामफेटामाइन युक्त याबा टैबलेट और हेरोइन। तीन तस्कर गिरफ्तार, सभी मणिपुर के रहने वाले बताए गए। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर ड्रग्स सप्लाई चेन और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
गुवाहाटी (Naren Danu) : असम पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और कामरूप जिले की अमीनगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 12.5 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों की खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
असम पुलिस के सीपीआरओ के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मणिपुर के काकचिंग से निचले असम के एक जिले में वाहन के जरिए नशीले पदार्थों की खेप पहुंचाई जा रही है। सूचना के आधार पर एसटीएफ और कामरूप पुलिस की टीम ने अमीनगांव इलाके में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन (एएस-11एए-6800) को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन के गुप्त स्थानों से 50 हजार याबा गोलियां बरामद की गईं। इन गोलियों में मेथामफेटामाइन पाया गया, जिनका कुल वजन करीब 5 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा पांच साबुनदानी में छिपाकर रखी गई 67.5 ग्राम हेरोइन भी बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से मणिपुर निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ताबिश (24), थेकचम अविनाश सिंह (41) और नोंगमैथेम बिस्वजीत (38) के रूप में हुई है। ताबिश वाहन चला रहा था, जबकि अविनाश सिंह सह-चालक था।
पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12.5 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि सीआईडी के आंकलन के अनुसार इसकी कीमत लगभग 7.5 करोड़ रुपये है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए आगे भी खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियान जारी रहेगा।