लुधियाना/यूटर्न/11 जुलाई। मानसा जिले के ठूठियांवाली गांव में एक गर्भवती महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मृतका के गर्भ में जुड़वा बच्चे थे। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया और पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, ठूठियांवाली गांव की 22 वर्षीय सिमरजीत कौर ने बुर्ज राठी गांव के एक युवक से प्रेम विवाह किया था। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से उनके आनंद कारज भी संपन्न हुए थे। प्रसव के लिए सिमरजीत कौर अपने मायके आई हुई थीं। मृतका के चाचा मेवा सिंह और चचेरे भाई मनदीप सिंह ने बताया कि सिमरजीत कौर के पति को उस पर अवैध संबंधों का शक था। इसी शक के चलते वह बीती रात अपने ससुराल पहुंचा। उसने सिमरजीत कौर को कमरे से बाहर बुलाया और उसके गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---