14 जून की FIR में कार्रवाई, वायरल वीडियो के बाद जेल व्यवस्था पर उठे थे सवाल; जांच जारी
चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : होशियारपुर सेंट्रल जेल से जुड़े वायरल वीडियो मामले में पंजाब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट हरभजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी 14 जून को थाना सिटी होशियारपुर में दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई है।
पुलिस के अनुसार, हरभजन सिंह के खिलाफ पंजाब प्रिजन्स एंड करेक्शनल सर्विसेज एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। हालांकि, पुलिस ने अभी गिरफ्तारी के पीछे मौजूद विशेष साक्ष्यों या आरोपों का खुलासा नहीं किया है।
यह मामला होशियारपुर सेंट्रल जेल में बंद मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना के वायरल वीडियो से जुड़ा है। बठिंडा के तलवंडी साबो निवासी मनप्रीत का 14 जून को एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें उसने जेल स्टाफ पर कैदियों को परेशान करने, पैसों की मांग करने और जेल के भीतर नशा उपलब्ध कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। उसने कुछ कर्मचारियों पर कैदियों के साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया था।
वीडियो में मनप्रीत ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से पंजाब की जेलों में सुधार और कैदियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की अपील भी की थी।
वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मनप्रीत के पास से बिना सिम वाला मोबाइल फोन भी बरामद किया था।
इस मामले ने राजनीतिक तूल भी पकड़ा था। विपक्षी दलों ने सवाल उठाया था कि हाई-सिक्योरिटी जेल में बंद एक कैदी मोबाइल से वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया तक कैसे पहुंचा सका। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।