2,590 श्रद्धालुओं ने चुना बालटाल मार्ग, 4,131 ने पहलगाम रूट; सुरक्षा के बीच जम्मू से काफिले रवाना
जम्मू (Narendra Singh Danu) : पवित्र अमरनाथ यात्रा का चौथा जत्था शनिवार तड़के कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ। इस जत्थे में कुल 6,721 श्रद्धालु शामिल हैं, जिन्हें दो अलग-अलग आधार शिविरों—बालटाल और पहलगाम—के लिए भेजा गया।
यात्रा में 2,590 श्रद्धालुओं ने छोटा लेकिन चुनौतीपूर्ण बालटाल मार्ग चुना, जबकि 4,131 श्रद्धालु पारंपरिक पहलगाम मार्ग से रवाना हुए। जत्थे में 4,576 पुरुष, 1,310 महिलाएं, 22 बच्चे, 572 साधु, 154 साध्वियां तथा 87 विदेशी श्रद्धालु (38 पुरुष और 49 महिलाएं) शामिल हैं।
दो चरणों में निकले काफिले
अधिकारियों के अनुसार, बालटाल रूट के लिए 152 वाहनों का काफिला सुबह 3:15 बजे भगवती नगर से रवाना हुआ। इसमें 50 बसें, 12 मीडियम मोटर वाहन और 90 हल्के वाहन शामिल थे।
वहीं, पहलगाम मार्ग के लिए 139 वाहनों का काफिला सुबह 3:45 बजे रवाना हुआ, जिसमें 84 बसें, 25 मीडियम मोटर वाहन और 30 हल्के वाहन शामिल रहे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अमरनाथ यात्रा को लेकर पूरे मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए सिविल प्रशासन, जम्मू-कश्मीर पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा बलों और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मार्ग पर सुरक्षा निगरानी के साथ स्वास्थ्य, यातायात और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाएं भी चौबीसों घंटे सक्रिय रखी गई हैं।