लुधियाना/यूटर्न/19 जून। अकाली दल शहरी लुधियाना के प्रधान भुपिंदर सिंह भिंदा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की एक विवादित वीडियो को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक ओर श्री अकाल तख्त साहिब को सिखों का सर्वोच्च धार्मिक स्थल बताते हैं और उसके सम्मान की बात करते हैं, जबकि दूसरी ओर उसी सर्वोच्च स्थान से जुड़े मुद्दों पर अनावश्यक टिप्पणियां कर रहे हैं। भिंदा ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज द्वारा वायरल वीडियो की जांच के दौरान मुख्यमंत्री को दोषी ठहराए जाने के बावजूद, मान लगातार इस पर सवाल उठा रहे हैं और विभिन्न प्रकार की टिप्पणियां कर रहे हैं। इससे उनका दोहरा चरित्र उजागर हो रहा है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री कभी एक विनम्र सिख की तरह श्री अकाल तख्त साहिब में नतमस्तक होने की बात करते हैं, तो कभी अपने बचाव में उसी संस्था के फैसलों पर टिप्पणी करने से भी पीछे नहीं हटते। अंत में उन्होंने कहा कि समय आने पर मुख्यमंत्री को अपने हर कार्य का जवाब देना होगा और उन्हें इसके परिणाम भी भुगतने पड़ेंगे।
----