पीपीएस अधिकारी रूपिंदर कौर भट्टी ने लुधियाना में ADCP Investigation और EO Wing का कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वह Counter Intelligence लुधियाना में SP के पद पर तैनात थीं और ADCP Cyber Crime व Investigation समेत कई जिम्मेदारियां निभा चुकी हैं। उनके कार्यकाल में कई बड़े आपराधिक और साइबर ठगी के मामले सुलझे, जिनमें बहुचर्चित ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड केस भी शामिल है। उनके लौटने से बड़े मामलों की जांच को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
लुधियाना (राजदीप सिंह सैनी) : पंजाब पुलिस में बड़े क्रिमिनल केसों और साइबर ठगी के मामलों को हल करने में अहम भूमिका निभाने वाली महिला अफसर पीपीएस रूपिंदर कौर भट्टी की नई पोस्टिंग लुधियाना में हो चुकी है। उनकी तरफ से एडीसीपी इन्वेस्टिगेशन और ईओ विंग का चार्ज संभाल लिया गया है। बता दें कि इससे पहले भी एडीसीपी मैडम एसपी, काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना के पद पर तैनात थीं। जानकारी के अनुसार पीपीएस रूपिंदर कौर भट्टी पहले भी लुधियाना में एडीसीपी साइबर क्राइम, इन्वेस्टिगेशन समेत अलग अलग पदों पर रह चुकी हैं।
अपनी पोस्टिंग के दौरान उनकी तरफ से कई बड़े अपराधिक और साइबर ठगी के मामलों को हल किया। वहीं शहर के बहुचर्चित ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्राड मामले को भी एडीसीपी भट्टी द्वारा ही हल किया गया था। दरअसल, फिरोजगांधी मार्केट में वर्धमान कमोडिटीज एंड सिक्योरिटीज नाम से ऑफिस चला रहे अनिल जैन, जतिन जैन, गगनदीप सिंह, करमजीत कौर और सनी कुमार द्वारा वी-ट्रेड नाम से ऐप चला ऑनलाइन ठगी की जा रही थी। उन्होंने लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी की थी।
इस मामले को एडीसीपी भट्टी द्वारा ट्रेस कर भारी मात्रा में कैश, लग्जरी कारें व प्रॉपर्टियां भी बरामद की थी। ऐसे में उनकी दोबारा नियुक्ति के बाद बड़े केसों को सॉल्व करने में सहायता मिलेगी।