माछीवाड़ा साहिब/यूटर्न/21 अगस्त। लुधियाना के माछीवाड़ा साहिब इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। बीती रात गांव सहबाजपुर में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपये के सोने के गहने और नकदी चोरी कर ली। वारदात के दौरान घर की मालकिन और उसके बच्चे दूसरे कमरे में सो रहे थे। घर की मालकिन इंदरजीत कौर ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे चोरों ने घर का जाली वाला दरवाजा धक्का देकर खोल लिया। इसके बाद उन्होंने अलमारी में रखे करीब 7 से 8 तोले सोने के गहने और 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार होने लगे। इंदरजीत कौर के मुताबिक, चोरी करने के बाद चोरों ने उनके कमरे का दरवाजा भी तोड़ने का प्रयास किया। आवाज सुनकर उन्होंने अपनी बेटी को आवाज लगाई और घर में चोर घुसने की बात कहते हुए रिवॉल्वर लाने को कहा। उनकी आवाज सुनते ही चोर घबरा गए और मौके से फरार हो गए। डीएसपी समराला प्रितपाल सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। इलाके में पहले भी चोरी और स्नैचिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
----