लुधियाना 15 अगस्त : भारतीय विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दुगरी में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं बीवीएम ट्रस्ट के संयुक्त सचिव राजीव पुरी और ट्रस्ट सदस्य डी.डी. शर्मा के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलन और ध्वजारोहण किया गया। तिरंगा फहराए जाने के साथ पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा और सभी ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान एवं समर्पण व्यक्त किया।
समारोह के दौरान शिक्षकों ने देशभक्ति की शपथ ली और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। अध्यापिका नेहा सोनी ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि राजीव पुरी ने स्वतंत्रता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी भारत के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। प्रधानाचार्य ज्योति गर्ग ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देशहित में अनुशासन, एकता और समर्पण की भावना बनाए रखने का आह्वान किया।