अम्बाला 15 अगस्त : हांसी में स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ध्वजारोहण कार्यक्रम का विरोध करने पहुंचे किसानों और पुलिस के बीच सिसाय पुल के पास टकराव हो गया। किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई किसान घायल हो गए। इसके बाद प्रदर्शनकारियों की ओर से पुलिस पर पथराव किया गया। पथराव में हांसी के एसपी विनोद कुमार और एक डीएसपी घायल हो गए। एसपी के हाथ से खून निकलने पर उन्होंने रुमाल बांधकर उसे रोकने की कोशिश की। हंगामे के दौरान अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद कुछ महिलाएं बचने के लिए दुकानों में चली गईं।
किसान हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपी रमेश शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मामले में अब तक नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी रमेश शर्मा अभी फरार बताया जा रहा है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित है।
इससे पहले किसान और खाप प्रतिनिधि आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हिसार, हांसी और रोहतक क्षेत्र के सात टोल प्लाजा करीब तीन घंटे तक बंद कर चुके हैं।