उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने लिया हिस्सा। बैंक ने बचत खाते, ऋण, एमएसएमई वित्त, बीमा, निवेश और डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार पर जोर दिया। जसबीर सिंह बंटी ने नई शाखा को क्षेत्रवासियों के लिए आर्थिक सुविधाओं का मजबूत केंद्र बताया।
चंडीगढ़ : देश के अग्रणी निजी बैंकों में से एक बंधन बैंक ने सेक्टर-47डी, चंडीगढ़ में अपनी नई शाखा का शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह में पूर्व वरिष्ठ उप महापौर एवं वार्ड-24 के पार्षद जसबीर सिंह बंटी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर शाखा का विधिवत उद्घाटन किया तथा बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों और स्टाफ के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह की शुरुआत की।
इस अवसर पर वरुण पारीक (क्लस्टर हेड, चंडीगढ़-1), इशमीत लांबा (रीजनल हेड) और विकास शर्मा (ब्रांच हेड) सहित बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्राहक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में इशमीत लांबा ने बताया कि सेक्टर-47डी स्थित यह शाखा चंडीगढ़ में बंधन बैंक की सातवीं शाखा है। उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य ग्राहकों को आधुनिक, सुरक्षित, पारदर्शी और ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना तथा शहर में अपनी सेवाओं का लगातार विस्तार करना है।
बंधन बैंक देश के अग्रणी निजी बैंकों में शामिल है, जो बचत एवं चालू खाते, गृह, वाहन और व्यक्तिगत ऋण, एमएसएमई वित्त, बीमा, निवेश तथा अत्याधुनिक डिजिटल बैंकिंग जैसी व्यापक वित्तीय सेवाएं प्रदान करता है। बैंक वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य अतिथि जसबीर सिंह बंटी ने बंधन बैंक परिवार को नई शाखा के शुभारंभ पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बैंक किसी भी देश की आर्थिक प्रगति के मजबूत आधार स्तंभ होते हैं। बैंक न केवल बचत की संस्कृति को बढ़ावा देते हैं, बल्कि उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, रोजगार के अवसर सृजित करने और स्थानीय व्यापार एवं उद्योग को गति देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सेक्टर-47डी स्थित बंधन बैंक की यह नई शाखा क्षेत्रवासियों और व्यापारिक समुदाय को उत्कृष्ट, विश्वसनीय एवं ग्राहक-केंद्रित सेवाएं प्रदान करते हुए चंडीगढ़ के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी।
समारोह के अंत में ब्रांच हेड विकास शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन जलपान के साथ हुआ। उपस्थित सभी अतिथियों ने बंधन बैंक की निरंतर प्रगति, उत्कृष्ट सेवाओं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।