पंजाब पुलिस विभाग की ओर से बेहतर कार्यप्रणाली और सेवाओं को देखते हुए जगरांव में आयोजित समारोह में अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने कहा कि योग्यता आधारित पदोन्नति से विभाग में पारदर्शिता, अनुशासन और सकारात्मक कार्य संस्कृति मजबूत होती है। उन्होंने पदोन्नत कर्मचारियों को भविष्य में भी पूरी निष्ठा से सेवा निभाने के लिए प्रेरित किया।
जगरांव (चरणजीत सिंह चन्न) : पंजाब पुलिस विभाग द्वारा कर्मचारियों की मेहनत, ईमानदारी और बेहतरीन कार्यप्रणाली को सराहते हुए उन्हें समय-समय पर पदोन्नत किया जा रहा है। इसी कड़ी के तहत जगरांव में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता और डीएसपी कुलवंत सिंह ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के आधार पर पदोन्नति दी।
समारोह के दौरान राजवीर सिंह, रणधीर सिंह और सुखविंदर सिंह को पदोन्नत कर सब-इंसपेक्टर (SI) बनाया गया। इसके साथ ही उपकार सिंह, पवनदीप सिंह, सुखदेव सिंह, जसप्रीत सिंह, सुखदेव सिंह, जसविंदर सिंह और करमजीत सिंह को सहायक सब-इंस्पेक्टर (ASI) के पद पर पदोन्नत किया गया।
इस अवसर पर उच्च अधिकारियों ने खुद अपने हाथों से इन सभी कर्मठ पुलिस कर्मियों के कंधों पर नए स्टार सजाकर उन्हें बधाई दी और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पदोन्नति से बढ़ता है कर्मचारियों का मनोबल:-एसएसपी डॉ. गुप्ता: इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए एसएसपी डॉ. अंकुर गुप्ता ने कहा कि पदोन्नति सिर्फ एक ओहदे में बदलाव नहीं है, बल्कि यह कर्मचारी की निष्ठा, जिम्मेदारी और सेवा के प्रति समर्पण का सम्मान है। जब किसी पुलिस कर्मी को उसकी मेहनत का फल मिलता है, तो उसका मनोबल और अधिक ऊंचा होता है। इससे वह पूरी जिम्मेदारी और जोश के साथ अपनी ड्यूटी निभाता है तथा विभाग के अन्य साथियों को भी पूरी ईमानदारी से काम करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि योग्यता के आधार पर मिलने वाली ऐसी पदोन्नतियों से पुलिस विभाग में पारदर्शिता, अनुशासन और बेहतर कार्यसंस्कृति को बढ़ावा मिलता है।