जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समागम को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। एडीसी राकेश कुमार मीणा ने अधिकारियों को पूरी गंभीरता और समर्पण से ड्यूटी निभाने को कहा। समारोह स्थल पर स्टेज सजावट, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, फायर सुरक्षा, मेडिकल सहायता और यातायात प्रबंधन सहित सभी इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
होशियारपुर (दलजीत अजनोहा) : स्वतंत्रता दिवस पर स्थानीय पुलिस लाइन ग्राउंड में होने वाले जिला स्तरीय समागम की तैयारियों संबंधी बैठक को संबोधित करते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर(विकास) राकेश कुमार मीणा ने सभी अधिकारियों को तनदेही व जिम्मेदारी से अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान अधिकारियों को सौंपी गई ड्यूटियों को गंभीरता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस संबंधी पुलिस लाइन ग्राउंड में किए जाने वाले प्रबंधों को लेकर किसी भी तरह की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग विभागों की ओर से निकाली जाने वाली झांकियां, बैरीकेडिंग, पार्किंग, स्टेज की सजावट, बैठने के प्रबंधों, साफ-सफाई, पुरस्कारों व प्रशंसा पत्र का वितरण, पीने वाले पानी, साउंड, रिफ्रेशमेंट, प्राथमिक सहायता, फायर टैंडर, सुरक्षा व ट्रैफिक प्रबंधों सहित अलग-अलग कार्यों के लिए संबंधित अधिकारियों को जरुरी दिशा निर्देश दिए।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर(विकास) ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों संबंधी रिहर्सल पुलिस लाइन ग्राउंड में 10 व 12 अगस्त को होगी औऱ फुल ड्रैस रिहर्सल 13 अगस्त को करवाई जाएगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि समारोह के दौरान अलग-अलग स्कूली बच्चों की ओर से मास पी.टी. शो व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों सही ढंग से करवा ली जाए। इस मौके पर सहायक कमिश्नर (ज) सुमित मुध, आर.टी.ओ अमनदीप कौर घुम्मण, अधिक सहायक कमिश्नर गुरप्रीत कौर के अलावा सभी विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।