चंडीगढ़ से शराब लाकर बलटाना और जीरकपुर में बेचने का आरोप, तलाशी के दौरान ऑटो से मिली रॉयल जनरल ब्रांड की 20 बोतलें। पुलिस खंगाल रही आरोपी के पूरे नेटवर्क को।
जीरकपुर : एक्साइज विभाग और जीरकपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चंडीगढ़ से अवैध रूप से शराब लाकर पंजाब में बेचने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 'केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए' अंकित रॉयल जनरल ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 20 बोतलें बरामद हुई हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पंजाब एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक्साइज इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह अपनी टीम के साथ चंडीगढ़-जीरकपुर चौक के निकट बस स्टैंड के सामने बिग बाजार मोड़ पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान चंडीगढ़ की ओर से आ रहे एक ऑटो रिक्शा को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान ऑटो की पिछली सीट के नीचे कपड़े से ढकी एक प्लास्टिक की थैली मिली। जांच करने पर उसमें रॉयल जनरल ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 20 बोतलें बरामद हुईं। सभी बोतलों पर "केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए" अंकित था।
पुलिस ने आरोपी की पहचान जागीर सिंह (63) पुत्र संत सिंह निवासी गांव अलीमाजरा, थाना शंभू, जिला पटियाला के रूप में की है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह चंडीगढ़ से सस्ती शराब खरीदकर जीरकपुर और बलटाना क्षेत्र में बेचता था।
एक्साइज विभाग की शिकायत पर बलटाना पुलिस चौकी ने आरोपी के खिलाफ पंजाब एक्साइज एक्ट की धारा 61(1)(14) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शराब की खेप और ऑटो रिक्शा को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी कब से इस अवैध कारोबार में शामिल था और उसके साथ इस नेटवर्क में अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं।