मोटरसाइकिलों पर पहुंचे हमलावरों ने दिनदहाड़े कार सवारों पर ताबड़तोड़ वार कर दहशत फैला दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर हमले के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी है।
जीरकपुर : जीरकपुर के ढकोली स्थित गुरजीवन विहार में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हथियारों से लैस एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने कार सवार तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में जतिंदर, पुनीत और उनका एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जतिंदर और पुनीत अपने साथियों के साथ कार में सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार गुरजीवन विहार क्षेत्र में पहुंची, तभी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए एक दर्जन से अधिक युवकों ने उनकी कार को चारों ओर से घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों के हाथों में गंडासे और अन्य धारदार हथियार थे। अचानक हुए हमले में कार सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घायलों ने बताया कि हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए और उनकी कार में भी जमकर तोड़फोड़ की। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही ढकोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमले के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान की जा रही है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।