लुधियाना/यूटर्न/29 जुलाई। घटिया, मिथ्या-लेबलयुक्त (मिसब्रांडेड) एवं संदिग्ध खाद्य उत्पादों की बिक्री के विरुद्ध अपने अभियान को और तेज करते हुए स्वास्थ्य विभाग, लुधियाना की फूड सेफ्टी टीम ने बुधवार को टिब्बा रोड स्थित एक सप्लीमेंट स्टोर पर रेड की। निरीक्षण के दौरान टीम ने विभिन्न न्यूट्रिशनल सप्लीमेंट्स के बड़ी मात्रा में आयातित खाली रैपर बरामद कर जब्त किए। आशंका है कि इन खाली रैपरों को जाली सप्लीमेंट पर लगाया जा रहा था। बिक्री हेतु उपलब्ध उत्पादों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा की पुष्टि के लिए टीम ने वेट गेनर, आइसोप्योर व्हे प्रोटीन, व्हे प्रोटीन तथा अल्ट्रा प्योर व्हे फॉर्मूला के चार नमूने एकत्रित किए, जिन्हें विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रेड में शामिल डॉ. आशीष चावला, जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग उपभोक्ताओं को असुरक्षित, मिलावटी, मिसब्रांडेड एवं नकली खाद्य उत्पादों से बचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य सप्लीमेंट्स का व्यवसाय करने वाले प्रत्येक फूड बिजनेस ऑपरेटर के लिए केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त लाइसेंसधारी उत्पादों की बिक्री करना तथा उत्पादों पर वैध एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर, बैच नंबर, निर्माण एवं समाप्ति तिथि, सामग्री का विवरण, पोषण संबंधी जानकारी तथा जहां लागू हो आयातकर्ता का विवरण अंकित करना अनिवार्य है।
--