नगर परिषद डेराबस्सी ने शहर की यातायात व्यवस्था और स्वच्छता सुधारने के लिए शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। टीम ने बाजारों और प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ व सड़कों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए तथा कुछ सामान जब्त किया। ईओ रवनीत सिंह ने दुकानदारों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
डेराबस्सी: शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और यातायात जाम से मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर परिषद डेराबस्सी ने शुक्रवार को विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य बाजारों, राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी सड़कों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सड़क व फुटपाथ पर किए गए अस्थायी कब्जों को हटाया गया।
अभियान के दौरान नगर परिषद की टीम ने रेहड़ी-पटरी, स्टॉल और दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे रखे गए सामान को हटाया। कई स्थानों पर यातायात बाधित करने वाले अस्थायी अतिक्रमण पाए गए, जिन्हें तत्काल हटाने के साथ कुछ सामान भी जब्त किया गया।
नगर परिषद के अधिकारियों ने बताया कि सड़क और फुटपाथ आम लोगों की सुविधा के लिए हैं। इन पर किए गए अवैध कब्जों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) रवनीत सिंह ने दुकानदारों और शहरवासियों से अपील की कि वे अपना सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें और शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा।