श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज की अगुवाई में निकली शोभायात्रा श्री हरमंदिर साहिब से बाबा बुड्ढा साहिब के लिए रवाना हुई। पुलिस सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आस्था, अनुशासन और सेवा भावना का परिचय दिया।
अमृतसर: श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज की अगुवाई में शुक्रवार को मिरी-पीरी खालसा मार्च निकाला गया। यह धार्मिक शोभायात्रा श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) से बाबा बुड्ढा साहिब के लिए रवाना हुई।
मार्च में बड़ी संख्या में सिख निहंगों, विद्यार्थियों और संगत ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। घोड़े पर सवार जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज ने शोभायात्रा की अगुवाई की। इस दौरान श्रद्धालु धार्मिक जयघोष करते हुए अमृतसर की प्रमुख सड़कों और बाजारों से होकर गुजरे।
शोभायात्रा के दौरान पारंपरिक सिख युद्धकला, अनुशासन और सिख विरासत की झलक देखने को मिली। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से भी व्यापक प्रबंध किए गए। यह मार्च सिख इतिहास में मिरी-पीरी की परंपरा, आध्यात्मिकता और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया।