सेक्टर-17 प्लाजा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोमबत्तियां जलाकर जताई एकजुटता, एच.एस. लक्की बोले- पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित, सरकार को जवाबदेही तय करनी होगी
युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के साथ कार्यकर्ताओं ने निकाला शांतिपूर्ण मार्च, कांग्रेस ने छात्रों पर दर्ज केस वापस लेने, दोषियों पर कार्रवाई और युवाओं से माफी मांगने की मांग की
युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के साथ कार्यकर्ताओं ने निकाला शांतिपूर्ण मार्च, कांग्रेस ने छात्रों पर दर्ज केस वापस लेने, दोषियों पर कार्रवाई और युवाओं से माफी मांगने की मांग की
चंडीगढ़: दिल्ली के जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ बुधवार को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने सेक्टर-17 प्लाजा में कैंडल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। मार्च का नेतृत्व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र और आम नागरिक शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर पेपर लीक से प्रभावित छात्रों के प्रति एकजुटता जताई और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान एच.एस. लक्की ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से करोड़ों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है और जब छात्र शांतिपूर्ण तरीके से न्याय मांगते हैं तो उनके साथ बल प्रयोग किया जाता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें, जंतर-मंतर पर छात्रों पर कार्रवाई के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं तथा प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं। उन्होंने यह भी मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के युवाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा मुद्दा है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। कांग्रेस ने कहा कि वह पेपर लीक से प्रभावित छात्रों के साथ सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।