सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक जमा होंगे गणना प्रपत्र, बीएलओ करेंगे मतदाताओं की मदद
चंडीगढ़ (Naren Danu) : पंजाब में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के लिए चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत चुनाव विभाग ने प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी अभियान के अंतर्गत रविवार, 19 जुलाई को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में पात्र मतदाता अपने गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरकर मौके पर ही जमा कर सकेंगे। चुनाव विभाग का उद्देश्य है कि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या अपनी जानकारी में सुधार कराने से वंचित न रह जाए।
बूथों पर सुबह से मौजूद रहेंगे अधिकारी
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, विशेष शिविर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होंगे। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) मौजूद रहेंगे और मतदाताओं को प्रपत्र भरने, दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी देने और आवेदन जमा करने में सहायता करेंगे।
अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था से लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया आसान होगी।
13 अगस्त को जारी होगी प्रारंभिक मतदाता सूची
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग का लक्ष्य है कि 13 अगस्त, 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची में सभी पात्र नागरिकों के नाम शामिल हों। इसके लिए मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपनी जानकारी समय रहते सत्यापित करवाएं और परिवार के अन्य सदस्यों का नाम भी मतदाता सूची में जांच लें।
घर-घर पहुंच रहे बीएलओ
चुनाव विभाग ने बताया कि विशेष अभियान के तहत बूथ स्तरीय अधिकारी लगातार घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं। यदि किसी कारण से कोई व्यक्ति उपलब्ध नहीं हो पाया या उसका गणना प्रपत्र नहीं भरा जा सका है तो वह 19 जुलाई के विशेष शिविर में पहुंचकर प्रक्रिया पूरी कर सकता है।
विभाग के अनुसार, इन शिविरों से बड़ी संख्या में लोगों को सुविधा मिलेगी और मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने में मदद मिलेगी। चुनाव अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं भी जागरूक रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इस अभियान की जानकारी दें।