देहरादून में कांग्रेस नेता ने केंद्र और उत्तराखंड सरकार पर साधा निशाना, राहुल गांधी 17 जुलाई को करेंगे राज्य का दौरा
देहरादून (Narendra Singh Danu) : कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के किसी न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी भी कई सवाल खड़े करती है।
उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के समापन पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों और विभिन्न संगठनात्मक इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में पिछले दस वर्षों के दौरान बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उनका कहना था कि केंद्र और राज्य की "डबल इंजन" सरकार की नीतियों से जनता में असंतोष बढ़ा है।
वेणुगोपाल ने बदरीनाथ धाम में कथित सोना चोरी और चढ़ावा प्रकरण का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इन मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेश के नेताओं और संगठन पदाधिकारियों के साथ हुई बैठकों में राजनीतिक स्थिति और चुनावी रणनीति पर व्यापक चर्चा की गई। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस संगठनात्मक रूप से मजबूत है, जबकि भाजपा आंतरिक गुटबाजी से जूझ रही है।
शैलजा ने महंगाई, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और महिलाओं, दलितों तथा कमजोर वर्गों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन मामलों में प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 जुलाई को उत्तराखंड का दौरा करेंगे, जहां युवाओं से जुड़े मुद्दों और राज्य के अन्य जनसरोकारों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, हरक सिंह रावत, प्रकाश जोशी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।