पंजाब/यूटर्न/9 जुलाई। नाभा में गांव धंगेड़ा के पास देर रात तस्करों की कार का पीछा कर रही पुलिस की कार हादसाग्रस्त हो गई। थाना सदर नाभा के प्रभारी जसप्रीत सिंह की सरकारी गाड़ी दीवार से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में एसएचओ जसप्रीत सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं, जबकि तस्कर अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। जानकारी के अनुसार, थाना सदर नाभा के एसएचओ जसप्रीत सिंह को सूचना मिली थी, जिसके आधार पर उन्होंने पुलिस टीम के साथ संदिग्ध तस्करों की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर तस्करों ने अपनी गाड़ी भगा ली, जिसके बाद पुलिस पार्टी ने उनका पीछा करना शुरू किया। पीछा करने के दौरान गांव धंगेड़ा के पास दोनों गाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एसएचओ जसप्रीत सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल एसएचओ जसप्रीत सिंह को तुरंत नाभा के सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उनकी गंभीर हालत को देखते हुए और बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
--