280 ग्राम हेरोइन और लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद, मुक्तसर पुलिस की कार्रवाई से विभाग में हड़कंप
चंडीगढ़ (Narendra Singh Danu) : पंजाब के सीमावर्ती जिले फाजिल्का में पुलिस विभाग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। जलालाबाद क्षेत्र की पुलिस चौकी घुबाया में तैनात मुंशी जोगिंदर सिंह को हेरोइन तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामले में लापरवाही और संदिग्ध भूमिका सामने आने के बाद चौकी इंचार्ज गुरनाम सिंह को भी निलंबित कर दिया गया है।
डीएसपी जलालाबाद गुरसेवक सिंह बराड़ के अनुसार, श्री मुक्तसर साहिब पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका था। तलाशी लेने पर कार सवारों के पास से 280 ग्राम हेरोइन और एक लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद हुई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कार में मौजूद लोगों के साथ जलालाबाद क्षेत्र की चौकी घुबाया का मुंशी जोगिंदर सिंह भी शामिल था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पूरे प्रकरण की जांच शुरू की गई। जांच में चौकी घुबाया के इंचार्ज गुरनाम सिंह की भूमिका भी सवालों के घेरे में आई, जिसके बाद उन्हें मामले में नामजद कर निलंबित कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।