लुधियाना/यूटर्न/8 जुलाई। लुधियाना के चौंता में नशा तस्करों की मुखबिरी को लेकर हुए विवाद में निहंग जत्थों की एंट्री के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर पथराव और उपद्रव करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई थाना कूमकलां के एएसआई विजय कुमार की शिकायत के आधार पर की गई है। चौंता गांव में नशे के मामले को लेकर पुलिस टीमों ने दबिश दी थी। आरोप है कि जिन लोगों के घरों पर पुलिस ने कार्रवाई की, उन्होंने मुखबिरी के शक में दूसरे पक्ष के घरों पर ईंट-पत्थर बरसाए और हमला कर दिया। वहीं, दूसरे पक्ष का आरोप है कि उनके खिलाफ पुलिस को झूठी सूचना दी गई थी।
दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई शुरू
दोनों पक्षों ने थाना कूमकलां में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद कार्रवाई न होने पर पप्पू सिंह ने निहंग जत्थेबंदियों से संपर्क किया। इसके बाद निहंग जत्थेबंदियां गांव पहुंचीं, जहां पप्पू सिंह ने ग्रामीणों के सामने पूरा मामला रखा। निहंगों की एंट्री के बाद पुलिस सक्रिय हुई और दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
----