खन्ना/यूटर्न/8 जुलाई। खन्ना के नेशनल हाईवे पर पटियाला के प्रोफेसर और राजनीतिक नेता सुमेर सीड़ा पर हुई फायरिंग और कथित फिरौती के मामले में एक नया मोड़ आ गया है। खन्ना सिटी थाना 1 में दर्ज एफआईआर के बाद जांच में जुटे अधिकारियों के सामने कुछ ऐसे हैरान करने वाले तथ्य आए हैं, जिन्होंने इस हाई-प्रोफाइल मामले को उलझा दिया है। पुलिस अब इसे एक सामान्य फिरौती का मामला मानने को तैयार नहीं है और जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है।खन्ना पुलिस की सुई फिलहाल फिरौती से ज्यादा किसी गहरी साजिश की तरफ घूमती नजर आ रही है। जांच टीम को मिले डिजिटल साक्ष्यों और घटनाक्रम में कई ऐसी बातें सामने आई हैं जो संगठित फिरौती के मामलों से बिल्कुल अलग हैं। हाईवे पर हुई इस सनसनीखेज फायरिंग के पीछे की असल कहानी क्या है, इसका खुलासा अब पूरी तरह से सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और सोशल मीडिया रिकॉर्ड की फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
50 हजार से 5 हजार पर आया आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी और प्रोफेसर के बीच हुई फेसबुक चैट में शुरुआत में 50 हजार रुपये की मांग की गई थी, लेकिन बाद में आरोपी रकम घटाकर सिर्फ 5 हजार रुपये मांगने लगा। आमतौर पर फिरौती मांगने वाले गैंगस्टर डराने-धमकाने का तरीका अपनाते हैं, लेकिन इस चैट में आरोपी की तरफ से हाथ जोड़ने और रोने वाले इमोजी भेजे गए हैं। पुलिस इस पूरे डिजिटल रिकॉर्ड की फोरेंसिक जांच करवा रही है। शिकायतकर्ता प्रो. सुमेर सीड़ा का दावा है कि फिरौती मांगने वाले ने उन्हें वीडियो कॉल भी की थी। पुलिस का मानना है कि पेशेवर अपराधी पहचान उजागर होने के डर से कभी वीडियो कॉल नहीं करते।
---